Suresh raina appeals to arrange oxygen:digi desk/BHN/ इन दिनों देश भर में ऑक्सीजन सिलेंडर की किल्लत चल रही है और जिन्हें जरुरत पड़ रही है, उनके लिए इसका इंतजाम करना मुश्किल हो रहा है। और ये परेशानी सिर्फ आम लोगों की नहीं बल्कि सक्षम और रसूखदार लोगों की भी है। भारत के पूर्व बल्लेबाज और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना को भी जब ऑक्सीजन सिलेंडर की जरुुरत पड़ी, तो ये आसानी से उपलब्ध नहीं हो सका। आखिरकार उन्होंने सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगाई। संयोग से उनकी मदद करने को कई लोग आगे आये। यहां तक कि सोनू सूद ने भी मदद की पेशकश की।
गुरुवार को सुरेश रैना ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए मेरठ स्थित अपनी मौसी के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की गुहार लगायी। रैना ने अपने ट्विटर अकाउंट पर डिटेल्स साझा करते हुए बताया कि उनकी उम्र 65 साल है और वह फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित हैं। उनका ऑक्सीजन स्तर भी गिरता जा रहा था।
संयोग से कई लोग मदद के लिए आगे आये। रैना की अपील के कुछ की मिनटों के भीतर बॉलीवुड सितारे सोनू सूद ने भी मदद की पेशकश करते हुुए तुरंत ही डिटेल्स शेयर करने को कहा। उन्होंने कहा कि चिंता मत कीजिए, दस मिनट में ऑक्सीजन सिलेंडर पहुंच रहा है।
फिलहाल सोनू सूद की मदद पहुंची या नहीं पहुंची, ये तो नहीं पता लेकिन कुछ ही घंटे बाद सुरेश रैना ने सभी को धन्यवाद देते हुए कहा कि ऑक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम हो गया है और मैं आप सभी के बेहतर स्वास्थ्य की कामना करता हूं. चाहे जिसने मदद की हो, लेकिन अच्छी बात ये है कि लोग मदद को आगे आ रहे हैं।